दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (तस्वीर क्रेडिट@shivanandrajlko)

रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में लेंगी शपथ,रामलीला मैदान में होगा समारोह

नई दिल्ली,20 फरवरी (युआईटीवी)- दिल्ली की शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता आज दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले,सुषमा स्वराज,शीला दीक्षित और आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन आज दोपहर 12:15 बजे रामलीला मैदान में होगा। इस समारोह में रेखा गुप्ता के साथ 6 अन्य मंत्री – प्रवेश वर्मा,मनजिंदर सिंह सिरसा,आशीष सूद,रविंदर इंद्राज सिंह,कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी शपथ लेंगे।

इन मंत्रियों की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। आज दोपहर 12:35 बजे उपराज्यपाल वीके सक्सेना नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएँगे। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय मंत्री,भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी चाक-चौबंद तैयारी की गई है। वहाँ सुरक्षा के लिए एनएसजी कमांडो,दिल्ली पुलिस के जवान और आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवान तैनात हैं। इसके अलावा,दिल्ली में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 15 से ज्यादा कंपनियाँ तैनात की गई हैं,ताकि शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बता दें कि रेखा गुप्ता को बुधवार शाम को विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया था। मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद,पहली बार मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, दिल्ली की जनता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो विजन दिया है,उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। पीएम मोदी का मैं तहे दिल से आभार जताना चाहती हूँ,क्योंकि उन्होंने जो सम्मान मुझे दिया है,वह सम्मान केवल मेरा नहीं है,बल्कि यह देश की हर माँ और बेटी का सम्मान है।

रेखा गुप्ता ने दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक के तौर पर जीत हासिल की थी। ‘आप’ की उम्मीदवार बंदना कुमारी को उन्होंने 29,595 मतों के अंतर से हराया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए गए थे। इस चुनाव में भाजपा ने 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत दर्ज की और 70 में से 48 सीटें जीतीं,जबकि आम आदमी पार्टी (आप ) को केवल 22 सीटें ही मिलीं।

रेखा गुप्ता की मुख्यमंत्री बनने की खबर ने दिल्ली की राजनीति में एक नई दिशा दी है और उनके नेतृत्व में भाजपा पार्टी दिल्ली में और अधिक मजबूती से अपनी मौजूदगी बनाने की उम्मीद कर रही है।