रोनाल्डो

विशेष मेडिकल फ्लाइट से जुवेंतस में लौटे रोनाल्डो

रोम, 15 अक्टूबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए स्टार फुटबाल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो विशेष मेडिकल फ्लाइट से इटली लौट आए हैं। वह नेशंस लीग में अपने देश पुर्तगाल के लिए खेलने गए थे। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, इटली के फुटबाल क्लब जुवेंतस के लिए खेलने वाले रोनाल्डो बुधवार को पुर्तगाल से लौट आए और जुवेंतस के चिक्तिसकों की देखरेख में कोरोनावायरस क्वारंटीन में रहेंगे।

पुर्तगाल के कप्तान का सोमवार को टेस्ट पॉजिटिव आया था, लेकिन मंगलवार को दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट के आने तक उनके बारे में जानकारी नहीं दी गई थी।

इटली की मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, जैसे ही उनके दूसरे टेस्ट की रिपोर्ट आई जुवेंतस ने उनको लाने की व्यवस्था शुरू कर दी और उनकी वापसी के लिए विशेष फ्लाइट का इंतजाम किया।

जुवेंतस ने एक बयान में कहा, “खिलाड़ी की अपील पर स्वास्थ अधिकारियों की देखरेख में रोनाल्डो विशेष मेडिकल फ्लाइट से इटली लौट आए हैं।”

टीम ने बताया कि रोनाल्डो में किसी तरह के लक्षण नहीं हैं और उनका स्वास्थ अच्छा है।

इटली की मीडिया के मुताबिक, संभवत: रोनाल्डो को पुर्तगाल की टीम के दो सदस्यों से यह बीमारी लगी है।

पुर्तगाल ने बुधवार रात को लिस्बन में स्वीडन को 3-0 से हराया था।

जुवेंतस के डॉक्टर रोनाल्डो की देखरेख करेंगे। जुवेंतस ने साथ ही बुधवार को बताया कि टीम के एक और साथी वेस्टन मैक्कैनी भी कोविड-19 पॉजिटिव आए हैं। क्लब इन दोनों खिलाड़ियों की देख रेख कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *