महेंद्र सिंह धोनी

‘कैप्टन कूल’ धोनी लोगों को वोट का महत्व बताएँगे,निर्वाचन आयोग ने ब्रांड एंबेसडर बनाया

राँची,26 अक्टूबर (युआईटीवी)- ‘कैप्टन कूल’ के नाम से मशहूर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी झारखंड विधानसभा चुनाव में एक नई भूमिका में दिखाई देंगे। निर्वाचन आयोग ने मतदान जागरूकता के लिए ‘कैप्टन कूल’ धोनी को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। वे झारखंड के विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं की जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जाने वाले कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

‘निर्वाचन सदन’ में शुक्रवार को आयोजित किए गए प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने जानकारी दी कि इस अभियान में भागीदारी के लिए धोनी ने स्वयं पहल की है और उन्होंने निर्वाचन आयोग को इस संबंध में एक पत्र भी भेजा है। रवि कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान आयोग द्वारा स्वीप प्रोग्राम के तहत महेंद्र सिंह धोनी के फोटो और वीडियो का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदाताओं को माही के द्वारा चुनाव में भागीदारी के लिए अपील किए जाने वोटिंग प्रतिशत में वृद्धि की उम्मीद है।

धोनी चुनाव के दौरान सोशल मीडिया और टीवी माध्यमों से मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए भी प्रेरित करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि धोनी जैसी नामचीन शख्सियत के जुड़ाव से मतदान प्रतिशत में सुधार की संभावना है और इससे मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। यह ध्यान देने योग्य है कि महेंद्र सिंह धोनी राँची के हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। मतदान के समय जब वे देश रहते हैं,तो श्यामली कॉलोनी में जेवीएम स्कूल पर बनाए जाने वाले बूथ पर वे हमेशा अपने परिवार के साथ मतदान करने के लिए पहुँचते हैं।

इसके अतिरिक्त, झारखंड में लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘भाभी जी घर पर हैं’ के मास्टर जी विजय सिंह भी चुनाव आयोग के एंबेसडर के रूप में शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य के विभिन्न जिलों में खेल,कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों वाली शख्सियतों को भी स्थानीय स्तर पर एंबेसडर बनाया जाता है।

झारखंड में छठी विधानसभा के गठन के लिए 13 नवंबर और 20 नवंबर को 81 सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है, जबकि दूसरे चरण के लिए यह प्रक्रिया जारी है। 23 नवंबर को चुनाव परिणाम की गिनती होगी।