राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कानपुर दौरा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे अगवानी

कानपुर, 25 जून (युआईटीवी/आईएएनएस)| राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द शुक्रवार को महाराजा एक्सप्रेस से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचेंगे। यहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति और राज्यपाल सर्किट हाउस जाएंगे, जबकि मुख्यमंत्री लखनऊ लौट जाएंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद कोविंद पहली बार तीन दिन के प्रवास पर कानपुर आ रहे हैं। इस प्रवास में वे कानपुर देहात स्थित अपने पैतृक गांव परौंख भी जाएंगे।

राष्ट्रपति भवन से जारी जानकारी के अनुसार कोविंद सेंट्रल स्टेशन पर शाम 7:45 बजे पहुंचेंगे। वहां से 10 मिनट बाद सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे। 25 से 28 जून तक के दौरे में राष्ट्रपति यहां विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों से मिलेंगे और उनका हालचाल लेंगे।

राष्ट्रपति शहर के विकास पर भी चर्चा करेंगे। 27 जून को वे अपने गांव परौंख जाएंगे। वहां से पुखरायां में आयोजित कार्यक्रम भी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर कानपुर नगर और कानपुर देहात जिले में तैयारियां पूरी हो गई हैं।

26 जून को राम नाथ कोविन्द राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार पैतृक गांव परौंख आ रहे हैं। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार लोगों से मुलाकात करेंगे।

राष्ट्रपति 27 जून को 8:15 बजे सुबह सर्किट हाउस से सिविल एयरोड्रम जाएंगे। सुबह 8:35 बजे हेलीकाप्टर से कानपुर देहात के परौंख गांव के लिए रवाना होंगे। 9:05 बजे परौंख पहुंचेंगे। वहां राष्ट्रपति का लोगों से मिलने का कार्यक्रम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *