नई दिल्ली,18 अप्रैल (युआईटीवी)- इजरायल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल 28 कर्मचारियों को गूगल ने निकाल दिया है। ये कर्मचारी दफ्तर परिसर के बाहर कंपनी द्वारा इजराइल के साथ किए गए एक अनुबंध (कॉन्ट्रेक्ट) के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
गूगल ने ऐसे समय में अपने कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया है,जब 9 कर्मचारियों को हाल ही में निलंबित किया गया था। इसके अलावा कंपनी के एक कर्मचारी को यूएस में गिरफ्तार भी किया गया था।
गूगल द्वारा निष्कासित किए गए 28 कर्मचारियों ने इजराइल के साथ कंपनी द्वारा हाल ही में किए गए 1.2 बिलियन डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट का विरोध किया था।
कंपनी ने आंतरिक ज्ञापन जारी कर कहा कि ऐसे कर्मचारियों के लिए कंपनी में कोई भी जगह नहीं है,जो इस प्रकार कर व्यवहार करते हैं। हम कभी-भी इस प्रकार के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। इस प्रकार का व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गूगल ने स्टाफ से कहा कि अधिकांश कर्मचारी हमारी कंपनी में अच्छा काम करते हैं। यदि आपको लगता है कि इस प्रकार के हरकतों को हम नजरअंदाज के देंगे,तो आपको हमारा सुझाव है कि एक बार आप इस बारे में फिर से सोचें।
इसे कंपनी बेहद गंभीरता से लेती है और हम अपनी दीर्घकालिक नीतियों को इस प्रकार के व्यवहार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए लागू करना जारी रखेंगे।
इस बीच नो टेक फॉर अपारथाइड नामक समूह ने कहा कि “गूगल कर्मचारियों को हमारे श्रम के नियमों और शर्तों के बारे में शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार है।” कर्मचारियों को बदले की कार्रवाई के तहत नौकरी से बर्खास्त किया जा रहा है।
कंपनी ने बताया कि जिन 28 कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है,वह निर्णय जाँच के बाद लिया गया है। जाँच के बाद बर्खास्त किए गए कर्मचारियों की ऐसी शरारतपूर्ण गतिविधियों में संलिप्तता की पुष्टि हुई। जरुरत पड़ने पर और भी कर्मचारियों को कंपनी नौकरी से निकालेगी।