अमेरिका में बवंडर

बवंडर से अमेरिका के तीन राज्यों में भारी तबाही,11 लोगों की हुई मौत

वाशिंगटन,27 मई (युआईटीवी)- बवंडर के कहर से अमेरिका के तीन राज्यों टेक्सास,ओक्लाहोमा और अर्कांसस में तक़रीबन 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग इस बवंडर में घायल हो गए। कई इमारतें, बिजली और गैस लाइनें भी बवंडर के कारण नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा एक ईंधन स्टेशन भी बवंडर के वजह से नष्ट हो गया है। हजारों घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तूफान की वजह से बिजली गुल हो गई है।

ट्रकों के लिए बनाए गए स्टैंड को भी इस बवंडर ने काफी नुकसान पहुँचाया है,जहाँ दर्जनों लोग शरण लेने के लिए पहुँचे थे।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक,जिन राज्यों में बहुत अधिक तापमान चल रहा है,उन राज्यों में शनिवार रात भयंकर तूफान आया। डलास के उत्तर में टेक्सास का कुक काउंटी है,जो इस तूफान में सबसे अधिक प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में से एक हैं। यहाँ तूफान से सात लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय मीडिया को कुक काउंटी के शेरिफ रे सैपिंगटन ने बताया कि अधिकारियों को आशंका है कि इस तूफान में मरने वालों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है। क्योंकि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।

उन्होंने बताया कि इस बीच खोज एवं बचाव अभियान जारी है और जो भी लोग इस तूफ़ान में जिंदा बच गए हैं,उनके मिलने की भी संभावना है।

जो फुटेज स्थानीय मीडिया पर दिखाया गया है,उसमें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि एक ईंधन स्टेशन तक़रीबन पूरी तरह से नष्ट हो गया है। उसमें धातु मुड़ गई है और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

स्थानीय आपातकालीन प्रबंधन प्राधिकरण का हवाला देते हुए बीबीसी ने बताया कि दो लोगों की मौत ओक्लाहोमा में मेयस काउंटी में हो गई और छह अन्य लोगों के घायल होने की खबर है।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक,अर्कांसस में दो लोगों की मरने की खबर मिली है। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है,जो अपने टूटे हुए घर में मृत अवस्था में पाई गई थी।

अर्कांसस के रोजर्स शहर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बवंडर के कारण पेड़ और बिजली की लाइनें गिरने और गैस आपूर्ति लाइनों के क्षतिग्रस्त होने के कारण जितने भी लोग वहाँ फँसे हुए थे,उन्हें बचा लिया गया।

पूरे टेक्सास में बवंडर ने सतही यातायात को भी प्रभावित किया। बवंडर के कारण प्रमुख राजमार्ग बंद हो गए,लॉरियाँ पलट गईं इत्यादि। इसके अलावा कई खंभे भी बवंडर के कारण उखड़ गए, जिससे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। अधिकारियों ने बताया कि सेवाएँ बहाल करने में कई दिन लग सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक,बवंडर ने अमेरिका के तीन राज्यों में भारी तबाही मचाई है। इसके बाद खराब मौसम के कारण मिसौरी,इलिनोइस,केंटकी,ओहियो और टेनेसी के कुछ हिस्सों में खतरे की चेतावनी दी गई।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *