नई दिल्ली,17 अगस्त (युआईटीवी)- पेरिस ओलम्पिक 2024 में भारतीय स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट को स्वर्ण पदक मुकाबले से अयोग्य घोषित कर दिए जाने से पूरे देश को झटका लगा। शनिवार को विनेश फोगाट का स्वदेश वापसी पर नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। पेरिस में निराशा के साथ बिना मेडल के स्वदेश लौटीं विनेश ने जब समर्थकों का प्यार देखा तो वो भावुक होकर रोने लगीं।
पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश फोगाट को मेडल जीतने की सबसे बड़ी दावेदार माना जा रहा था। उन्होंने 50 किलोग्राम कैटेगरी में हिस्सा लिया और शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में जगह पक्की की,लेकिन फाइनल की सुबह विनेश को 100 ग्राम अधिक वजन होने के वजह से डिस्क्वालिफाई कर दिया गया। हर एक भारतीय को इस खबर से बड़ा झटका लगा।
देश की बेटी @Phogat_Vinesh
स्वागत है चैंपियन 👊🏻💐🇮🇳 pic.twitter.com/kisZFT6iqI— 𝗔𝗡𝗜𝗟 𝗖𝗛𝗢𝗣𝗥𝗔 (@AnilChopra_) August 17, 2024
विनेश के स्वदेश वापसी पर उनके स्वागत के लिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनकी मां,उनके परिजन और भारी संख्या में समर्थक मौजूद थे। विनेश के स्वागत में भारत माता की जय के नारे लगाए गए और उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया गया। विनेश ने भी खुली छत वाली कार पर से अपने हाथ हिलाकर सभी समर्थकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
उनके साथ कार में टोक्यो ओलम्पिक के पदक विजेता पहलवान बजरंग पुनिया और 2016 रियो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मालिक भी मौजूद थी। इस मौके पर विनेश की माँ भावुक हो गई और गर्व से कहा कि उनकी बेटी ने देश के मान-सम्मान को बढ़ाया है।